Posted on June 4, 2009 by arunima
आषाढ़ी मेघो की बिजली यों तो खूब कड़कती है
प्यासों को पानी देने का जतन कहां पर करती है
बचपन में दादी ने जो था कहा आज वो सत्य हुआ
जितनी खाली होती गगरी, उतनी और छलकती है
सपने फिर से हरियाली के बहला देते आंखों को
भोलेपन को चतुराई से यहां चतुरता छलती है
हम अंधियारे के आदी तो हुए नहीं हैं मर्जी से
दीपक की बाती ही चुन कर अंगनाई को जलती है
मकते से मतले की दूरी तय करने में पांव थके
बनी गीतिकायें ही केवल, गज़ल कहां पर बनती है
Filed under: Uncategorized | 2 Comments »
Posted on September 17, 2008 by arunima
दिल की तड़पन, कसक सभी कुछ अब आंसू से धो दी जाये
फिर होठों पर मुस्कानों की फ़सल सुनहरी बो दी जाए
है तुमको उम्मीद अगर तो वो नहरें भी खोद सकेगा
पहले उसके हाथों में ला एक कुदाली तो दी जाये
सब कुछ लुटा बची है केवल रिश्तों की झीनी सी गठरी
अच्छा होगा ये गठरी भी अब राहों में खो दी जाये
हीरे हों सिक्के हों चाहे हो पत्थर का कोई टुकड़ा
कहलाती है भीख सदा जो बढ़ी आंजुरि को दी जाये
लिखते लिखते थकी कलम का केवल ये अरमान बचा है
शायद इक दिन कोई तवज़्ज़ो, उसकी गज़लों को दी जाये
Filed under: Uncategorized | 3 Comments »
Posted on May 15, 2008 by arunima
जो है दुश्मन अपना वह भी हँसकर साथ निभाता है
रिश्ता एक पुराना, सर से, पत्थर साथ निभाता है
सावन की भी रुत होती है हमने पढ़ा किताबों में
अपने बागीचे में केवल पतझर साथ निभाता है
साथ घड़ी की सुइतों के, सब रंग बदलते जाते हैं
बस पसली से मरते दम तक, खंज़र साथ निभाता है
बैसाखी पर टिक कर रहना, फ़ितरत हुई ज़माने की
बिन दीवारों के घर से कब, छप्पर साथ निभाता है
टुटी फ़ूटी दीवारें हैं उखड़ा हुआ पलस्तर है
बात तरक्की वाली का यह, मंज़र साथ निभाता है
Filed under: Uncategorized | 2 Comments »
Posted on April 9, 2008 by arunima
तुमने जो कुछ समझा, हमने वैसा तो कुछ कहा नहीं था
क्योंकि अपरिचय का जो पुल था बीच हमारे ढहा नहीं था
कैसे हम उनके अश्कों की कथा ज़माने को बतलाते
जो कुछ उन पर बीता, हमने वैसा कुछ भी सहा नहीं था
जाने कैसे डूब गये वो, न तो खबर बाढ़ की आई
बाँध तोड़ कर रेला भी कोई बस्ती में बहा नहीं था
स्थितियों के लाक्षागॄह में जीवन ,घेरे है दावानल
मन हो गया युधिष्ठिर अविचल, लेश मात्र भी दहा नहीं था
भटके नहीं कभी मेले में, हर इक राह मिली पहचानी
क्योंकि किसी ने पथ दिखलाने, हाथ हमारा गहा नहीं था
खुली हवा में नग्मे गाती, आज कलम लिखती अफ़साने
कल तक जो प्रतिबन्ध लगा था, आज शेष वो रहा नहीं था
अनुरूपा तुम जो लिखती हो, उसका शायद अर्थ नहीं है
पढ़ा सभी ने, पर होठों पर, लफ़्ज़ एक भी अहा नहीं था
Filed under: Uncategorized | 2 Comments »
Posted on April 1, 2008 by arunima
हम गज़ल की गुनगुनी गरमाहटोम में जब नहाये
मीत तेरे चित्र उस पल पास आकर मुस्कुराये
झूमती पगडंडियों ने जब कदम चूमे हमारे
यों लगा पग के अलक्तक सामने आ मुस्कुराये
पत्तियों के जब झरोखों से हवा ने झांक देखा
घुंघरुओं की नींद टूटी, कसमसाये झनझनाये
ख्वाब में रिश्ते हजारों दीप बन कर जल रहे थे
साजिशों की रोशनी में रह गये बस टिमटिमाये
जो कलम ने लिख दिया उस शेर की ख्वाहिश यही है
ढल सके वो इक गज़ल में, वज़्म में कोई सुनाये
अरुणिमा
Filed under: Uncategorized | 1 Comment »
Posted on February 5, 2008 by arunima
उड़ रहे हैं अब हवा में पर बहुत सारे
झुक रहे हैं पांव में अब सर बहुत सारे
क्या वज़ह थी कोई भी ये जान न पाया
बस्तियों में जल रहे हैं घर बहुत सारे
एक दो हों तो मुनासिब, सामना कर लें
ज़िन्दगी के सामने हैं डर बहुत सारे
हो नहीं पाया नफ़े का कोई भी सौदा
एक तनख्वाह और उस पर कर बहुत सारे
एक आंधी, एक तूफ़ां, एक है बारिश
इक दिलासा, हैं यहां छप्पर बहुत सारे
इल्तिजायें सब अधूरी ही रहीं आखिर
एक मज़नूं और हैं पत्थर बहुत सारे
चल रहे हैं राह में रंगीन ले हसरत
चुभ रहे हैं पांव में कंकर बहुत सारे
Filed under: Uncategorized | 6 Comments »
Posted on January 23, 2008 by arunima
नाम ढूँढ़ते हैं इक ऐसा, जैसा कोई नाम नहीं हो
सूरज निकले दोपहरी हो, लेकिन उसकी शाम नहीं हो
हमसे सबको उम्मीदें हैं, जुदा नहीं हो तुम भी इससे
हम तो बन जायेंगे लक्षमण, लेकिन तुम ही राम नहीं हो
किस्सागोई की आदत तो साथ रही अपने सदियों से
लेकिन फिर भी ये चाहा है सारे किस्से आम नहीं हो
ज़ुल्फ़ों के घिर आये साये तो फिर हुई आरज़ू मन में
घटा घिरी ही रहे इस तरह, और कभी भी घाम नहीं हो
उनकी यादों ने यों घेराने घेरा आकर के मेरी गलियों को
ऐसा लम्हा ढूँढ़ रहे हैं जब हाथों में जाम नहीं हो
Filed under: Uncategorized | 1 Comment »
Posted on December 27, 2007 by arunima
वो लिख देते रोज और हम कभी कभी ही लिख पाते हैं
वो कहते हर बात, हमें क्या कहना सोच नहीं पाते हैं
टकसाली सिक्कों की तो बहुतायत मिलती गली गली में
कारीगरी मिले जिनमें वे कभी कभी ही मिल पाते हैं
एक और शायर कलाम पढ़ गया ज़ीस्त की महफ़िल में आ
आगे आने वाले देखें क्या क्या नज़राने लाते हैं
जो मशाल ले राहनुमाई की बातें करते रहते हैं
शाम ढले पर चौराहों के वे ही दिये बुझा जाते हैं
कल ये मौसम हो या न हो, कल ये चज़्म रहे या उजड़े
यही सोच कर हाले दिल हम अपना आज सुना जाते हैं
Filed under: Uncategorized | 3 Comments »
Posted on November 27, 2007 by arunima
जाने कितने लोग हुए हैं इन गज़लों के दीवाने
दीगर है ये बात मान ले कोई, चाहे न माने
देती है तारीख गवाही, ऐसे दीवाने पन की
इसने ही तो लिखवाये हैं वर्क वर्क पर अफ़साने
खतावार है कौन ? सवाली होना होता आसां है
शमा नहीं तो कुरबानी को जायें कहां पर परवाने
सुखनवरी की इन गलियों में हम भी आवारा घूमे
रहे निभाते हर इक दर से हँसते हँसते याराने
मुट्ठी भर भर धूप समेटी, बिखराई थाली भर भर
अपने पास रखा न कुछ भी, आये अँधेरे समझाने
आईने की तफ़सीलों में क्या क्या ढूँढ़ें, कोई कहे
जिस कोने से देखें, हमको दिखते केवल अनजाने
Filed under: Uncategorized | 1 Comment »
Posted on October 17, 2007 by arunima
कहने को कोई बात नहीं, पर बात है कुछ बेताब हैं हम
अपना ही पता मिल न पाया क्या बात है क्यों नायाब हैं हम
पलकों के दरीचे में बैठे, बस राह निहारा करते हैं
पैबस्त न होते आंखों में, कुछ ऐसे टूटे ख्वाब हैं हम
सर से छत उड़ी सहारे की दीवारें भी सब ध्वस्त हुईं
पर हिले न अपनी जड़ से जो दालानों के महराब हैं हम
है एक दायरा जीने का जिससे हम निकले नहीं कभी
है और किसी से काम नहीं, मावस्या के महताब हैं हम
सहरा की धूलों में लिपटे हैं सभी आबले पांवों के
राहें तबील सूखे लब हैं चलते रहते बेआब हैं हम
Filed under: Uncategorized | 5 Comments »